कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, सितंबर 05, 2017

बारिशों का दौर

सावन में 
थमता ही नहीं 
बारिशों का दौर 
कभी बादल बरसते हैं 
कभी आँखें 

बादलों के बरसने से 
लहक उठती है प्रकृति 
और आँखों के बरसने से 
मुस्कराने लगते हैं ज़ख्म 
हरियाली ही हरियाली होती है 
प्रकृति में भी
जख्मों में भी 

ये बारिशें 
सिर्फ हरियाली ही नहीं लाती 
उमस भी लाती हैं 
उमस से फिर घिरने लगते हैं बादल 
आसमान पर काले बादल
दिल पर अवसाद के बादल 
फिर शुरू होता है बारिशों का दौर 
बारिशें ही बनती हैं कारण 
अगली बारिशों का 

आँखें हों या बादल
खाली हो होकर भरते हैं 
भर-भर कर खाली होते हैं !

******
दिलबागसिंह विर्क 

बुधवार, अगस्त 30, 2017

लावारिस देश

एक तरफ हैं 
वे लोग 
जो जला रहे हैं देश को 
जाति के नाम पर
धर्म के नाम पर 
भाषा के नाम पर 

दूसरी तरफ हैं वे लोग 
जो जला तो नहीं रहे देश को 
मगर वे देख रहे हैं तमाशा 
चुपचाप बैठकर 

तीसरी तरह के लोग भी हैं 
जो न जला रहे हैं देश को
न बचा रहे हैं 
वे बस बहस कर रहे हैं 
ऊंगली उठा रहे हैं 
इस्तीफा मांग रहे हैं 

इस देश पर अपना हक़ 
जताते हैं सब 
मगर दिखता नहीं कोई 
देश को बचाने वाला 
आखिर ये देश किसका है ? 

दिलबागसिंह विर्क 
*****

बुधवार, मार्च 22, 2017

प्रपंच

राजनीति पर्याय है प्रपंचों का
लेकिन राजनैतिक प्रपंच
निंदनीय नहीं
श्लाघनीय होते हैं
क्योंकि वे रचे जाते हैं
धर्म 
जातिय अभिमान
और राष्ट्रीय गौरव की आड़ में

यकीन न हो तो 
पलट लेना इतिहास के पन्ने
पढ़ लेना 
किसी भी कूटनितिज्ञ का जीवन चरित्र ।

दिलबागसिंह विर्क 
*****

बुधवार, मार्च 08, 2017

लड़कियाँ चिड़ियाँ नहीं होती

परों का 
कोई संबंध नहीं होता
उड़ान के साथ
उड़ान तो भरी जाती है
हौसले के दम पर

पर तो कुतर देती है दुनिया
घर बन जाते हैं पिंजरा
दरिंदे भी फैलाए रखते हैं जाल
मगर हौसले के दम पर
नभ छू ही लेती हैं लड़कियाँ
क्योंकि लड़कियाँ चिड़ियाँ नहीं होती
लड़कियाँ तो होती है लड़कियाँ ।

दिलबागसिंह विर्क

बुधवार, नवंबर 23, 2016

बस यूं ही

चल यूं ही कुछ कर
समय व्यतीत करने के लिए
या फिर समय खराब करने के लिए
आखिर सब यही तो कर रहे हैं 
कोई प्रयोग के नाम पर
कोई विचारधारा के नाम पर
और कुछ नहीं कर सकता तो
कलम घसीट 
लोग राजनेता बने हुए हैं
समाजसेवक बने हुए हैं
धर्म गुरु बने हुए हैं 
इन यूं ही के कामों से
क्या पता तू भी बन जाए कवि कभी ।

दिलबागसिंह विर्क 
*****

बुधवार, अगस्त 24, 2016

रंग

 
हरे, लाल, पीले 
गुलाबी, उनाबी 
रंग ही तो रंगीन करते हैं
जीवन को 

चेहरे पर लगे रंगों से 
खिल उठते हैं चेहरे 
मगर चेहरों पर 
रंग सिर्फ़ लगाया नहीं जाता 
चेहरे खुद भी रंग बदलते हैं 

चेहरों का रंग बदलना 
बेरंग करता है रिश्तों को 
रंग बदलते चेहरों के बीच 
रिश्तों का बेरंग हो जाना 
सबसे बड़ी त्रासदी है 
इस युग की |

दिलबागसिंह विर्क
*****

बुधवार, जुलाई 27, 2016

उलझन

आँखों की भाषा
पढाई नहीं जाती कहीं भी 
मुस्कराहटों के अर्थ 
मिलते नहीं किसी शब्दकोश में

तुम्हारी आँखें
तुम्हारी मुस्कराहटें 
सीधा-सादा गद्य कब कहती हैं
कभी वे 
मुझे इजाजत देती लगती हैं
प्यार के इजहार का 
कभी वे
लगती हैं मेरा मुँह चिढ़ाती हुई

क्या समझ सकोगे मेरी उलझन
क्योंकि एक ही अर्थ नहीं होता 
आँखों की कूट भाषा का 
कविता-सी मुस्कान का

दिलबागसिंह विर्क
*****

बुधवार, जुलाई 13, 2016

रौशनी का घर

अक्सर डराता तो है अँधेरा
लेकिन तब तक 
जब तक हावी होता है यह
हमारी सोच पर 

हिम्मत का दामन थामते ही
खुलने लगते हैं रास्ते 
अँधेरे के एक क़दम आगे 
मिलता है घर रौशनी का 

दिलबागसिंह विर्क 
******

बुधवार, जुलाई 06, 2016

तेरी आँखें

बहुत शिकवे थे
तुझसे मिलने से पहले
तुझे करीब पाकर 
कुछ याद नहीं रहा मुझे
इश्क़ है यह
या फिर
तेरी आँखों की जादूगरी 
पागल कर गई है
जो मुझे

झील नहीं तेरी आँखें
मगर डूब गया हूँ मैं ।

दिलबागसिंह
******

बुधवार, जून 29, 2016

रिश्तों पर बर्फ

अहम् की पट्टी 
स्वार्थ के फाहे रखकर 
जब बाँध लेते हैं हम 
सोच की आँखों पर 
तब जम जाती है 
रिश्तों पर बर्फ 
दम घुट जाता है रिश्तों का 

दिल में गर्माहट रखकर 
बढाते हैं जब हाथ 
मिट जाती हैं सब दूरियां 
पिघल जाती है बर्फ 
जीवित हो उठते हैं रिश्ते 
प्यार की संजीविनी पाकर 

रिश्तों पर बर्फ 
जमने और पिघलने का 
कोई मौसम नहीं होता 
अविश्वास, अहम्, स्वार्थ  
जमा देते हैं बर्फ 
विश्वास, वफा, प्यार 
पिघला देते हैं इसे | 

******

बुधवार, जून 15, 2016

प्रेम का मुकाम

तू दूर कब है मुझसे 
मैं अब मैं कहा हूँ 
एक चुके हैं हम दोनों 
जब निहारूं खुद को 
तुझे साथ पाया है प्रियतम 
कुछ भी तो नहीं चाहिए 
इसके सिवा 
प्रेम ने पा लिया है 
अपना मुकाम |

दिलबागसिंह विर्क
******

मंगलवार, मई 24, 2016

सुखों के पैवंद

अक्सर सुना है
अच्छा नहीं लगता सुख
दुःख के बिना 
क्योंकि एकरसता नीरस होती है 


हर सुनी बात सच्ची हो
ये जरूरी तो नहीं
भले ही वो बात
निचोड़ हो 
दुनिया भर के अनुभवों का

दुखों से तार-तार हुए
ज़िन्दगी के वस्त्रों पर
कब सुंदर लगते हैं
सुख के पैवंद
वे तो बस मुँह चिढ़ाते हैं 
बेनूर ज़िन्दगी का । 

दिलबागसिंह विर्क 

******

बुधवार, मई 04, 2016

इश्क़ के मा'ने

फूलों में तुझे हंसते हुए पाता हूँ 
तू दिखता है
परिंदों में उड़ता हुआ

जहन में चलते हैं दिन भर
ख्याल तेरे
रात को तू
डेरा जमाता है ख़्वाबों में

इन दिनों
जर्रा-जर्रा खूबसूरत लगे मुझे
तेरी खुशबू महसूस हो फिजा में

मुझे मालूम नहीं इश्क़ के मा'ने
बस तुझे सोचना अच्छा लगता है ।

******

बुधवार, अप्रैल 27, 2016

मध्यम मार्ग

घर में
पत्नी और बच्चों की फरमाइशें
दफ्तर में
बॉस के आदेश
इन्हीं की पालना करते रहना ही
क्या नियति है आदमी की

कोल्हू के बैल की तरह
एक धुरी पर घूमते रहना ही
क्या मकसद है जीवन का

अगर नहीं तो
क्या उचित है
आवारा सांड बन
जगह - जगह मुँह मारना

क्या कोई मध्यम मार्ग भी होता है
कोल्हू के बैल
और आवारा सांड के बीच

तलाश जारी है
मध्यम मार्ग की
लेकिन नियंत्रण कहाँ है
बुलेट ट्रेन - सी दौड़ती उम्र पर |

******

मंगलवार, अप्रैल 12, 2016

भेड़चाल

शिकार बन जाना
सम्मोहित हो जाना
नियति है भेड़ों की 

कितने भी युग बदलें
ज्ञान का प्रसार हो चाहे जितना 
भेड़ें भेड़ें ही रहती हैं
और भेड़िए भेड़िए 

बदलते दौर के साथ
नहीं बदलती भेड़ें
मगर बदल जाते हैं भेड़िए 

भेड़िए आजकल सिर्फ़ शिकार नहीं करते
पूरी भेड़ जाति पर कब्जा जमाने के लिए 
वे पालते हैं कुछ भेड़ें
भेड़ियों की पालतु भेड़ें
चलती हैं भेड़ियों के इशारों पर 

बहुत सी भेड़ें
बेशक पालतु नहीं भेड़ियों की
मगर वे भेड़ें तो हैं ही
उन्हें निभानी होती है 
भेड़चाल की अपनी परम्परा ।

****
दिलबागसिंह विर्क
******

मंगलवार, मार्च 15, 2016

भेड़िए की जीत

आज तेरे पास नहीं 
भले ही गुजारे लायक साधन 
मौसमों की मार भी पड़ती है तुझ पर 
गले तक कर्ज में भी डूबा है तू 
मगर तू वंशज है ऊँचे खानदान का 
पीढ़ियों पहले 
तुम्हारी जाति के लोगों ने 
किया था शोषण हमारी जाति का 
अब उसकी सजा भुगतनी होगी तुझे 
ये कहकर निगल गया 
सामाजिकता का भेड़िया
आर्थिकता के मेमने को 

अतीत का बदला ले लिया गया 
वर्तमान से 
और नींव रख दी गई भविष्य की 

मेमना कभी भेड़िया था
भेड़िया कभी मेमना था
मेमने और भेड़िए बदलते रहे हैं 
हर दौर में
मगर भेड़िए अतीत में भी जीते थे 
वर्तमान में भी जीत रहे हैं 
भविष्य में भी जीतेंगे...

दिलबागसिंह विर्क 
********

बुधवार, नवंबर 18, 2015

सहने की सीमा के बाद

ये न सोचो
क़लम चलाने वाले हाथ
बंदूक चलाना नहीं जानते

जानते हैं क़लम चलाने वाले
बंदूकों से हल नहीं होते मसले
बस यही सोच
बंदूक उठाने से रोकती है उन्हें
मगर इसे कमजोरी न समझना
किसी भी क़लम चलाने वाले की

याद रखना
सहने की सीमा होती है
और सीमा गुजरने के बाद
ट्रिगर दबाना 
कहीं आसान होता है
क़लम चलाने से ।
*****
दिलबाग सिंह विर्क 

शुक्रवार, मई 01, 2015

मजदूर की मजबूरी

हाँ ! मैं मजदूर हूँ
क़लम का मजदूर 
मगर मजदूरी करता हूँ शौक से 
शौक का 
कोई मेहनताना देता है कहीं 

मजदूर हूँ तो
वक़्त तो जाया करता ही हूँ
इस मजदूरी के लिए
सिर्फ़ वक़्त ही नहीं
पैसा भी
क्योंकि लिखता हूँ तो
चाहता हूँ छपना
और कौन छापता है किसी को
मुफ़्त में
जेब ढीली करके ही
खुद की लिखी पुस्तक
आती है अलमारी में

मेहनत किसी की भी हो
किसी-न-किसी का हित
करती ही है सदा 
मेरी मेहनत से
नहीं होगा किसी का हित
ऐसा तो नहीं 
मुझे छापने वाले
थोड़ा-बहुत तो कमा ही लेते हैं
मुझे छापकर

क़ीमत
पसीने की हो
या क़लम घिसाई की
कब मिलती है किसी को
मेहनत की लूट
हो रही है हर जगह
फिर मेरा लुटना
कुछ अर्थ नहीं रखता
कम-से-कम
मैं लुट रहा हूँ सहमति से
कम-से-कम
नाम होगा मेरा
ऐसा भ्रम तो है मुझे
मगर कुछ मजदूर तो ऐसे भी हैं
जो लुटते हैं
मजबूरी में 
निश्चित है जिनका 
गुमनाम मरना

दरअसल
मजदूर कोई भी हो
मजबूर तो होता ही है 
चाहे वह ख्वाहिशों से हो
या फिर पापी पेट से
और फायदा उठाया जाता है सदा
हर मजदूर की मज़बूरी का
लुटना तो मुकद्दर है
हर मजदूर का ।

- दिलबाग विर्क

गुरुवार, अप्रैल 23, 2015

आम आदमी { कविता }

आम आदमी              
महज एक खबर है       
अख़बारों के लिए         
जब वह रोता है           
बेमौत मरता है             
तब वह छपता है 
           
आम आदमी
महज एक मुद्दा है                 
सरकारों के लिए                   
वह जिन्दा है                        
सरकार की                           
नीतियों के कारण       
वह मरने को मजबूर है          
दूसरी पार्टियों  के                  
घोटालों के कारण                  
                                           
सरकार और अख़बार            
चलते हैं                               
कॉर्पोरेट घरानों के बलबूते
कॉर्पोरेट घराने
चूसते हैं खून 
आम आदमी का 
इसलिए 
सरकारों और अख़बारों को
कोई लेना-देना नहीं
आम आदमी से

आम आदमी तो
महज एक खबर है
जो बासी हो जाती है
अगले ही दिन

आम आदमी तो
महज एक मुद्दा है
जो उछलता है
सिर्फ चुनावों में
और फिर खो जाता है 
अज्ञातवास में     
अगले पाँच सालों तक ।

 दिलबाग विर्क 
 ********

शनिवार, अप्रैल 18, 2015

घड़ियाली आँसू ( कविता )


अध्यापक स्कूल जाने को
दौड़ता नहीं अब
होशियार बच्चे की तरह
उसे धकेला जाता है
जैसे धकेलते हैं माँ-बाप
नालायक रोंदू बच्चे को
चॉकलेट का लालच देकर 

स्कूल में अध्यापक 
चपड़ासी, क्लर्क, नौटँकीबाज
सब कुछ है
बस अध्यापक होने के सिवा 

शिक्षक से छीनकर
शिक्षण कार्य
भला चाहा जा रहा है
शिक्षा का
और शिक्षा के पतन पर
घड़ियाली आँसू बहा रहे हैं वो
जो खुद धकेल रहे हैं इसे 
रसातल में
नित नए प्रयोग करके ।

दिलबाग विर्क
******
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...